नानकसागर डैम कांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

नानकसागर डैम कांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा
Spread the love

रुद्रपुर ।अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस ने युवक के साथ लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

पुलिस के अनुसार 6/7 अगस्त 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम एफआईआर संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में नानकमत्ता क्षेत्र में गश्त कर रही थी। मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। पीछा करने पर गलाबाग के पास मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगा। कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी तथा उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया था। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दोनों अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया पर्स, भारतीय एवं नेपाली मुद्रा, एटीएम कार्ड, मोबाइल खरीद का बिल, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में फायरिंग और अवैध हथियार से संबंधित धाराओं सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक राजेन्द्र पंत, उप निरीक्षक मनोज जोशी, हेड कांस्टेबल रघुनाथ गोस्वामी, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल मोहम्मद इमरान, कांस्टेबल नवीन जोशी तथा चालक कांस्टेबल नरेन्द्र बोरा की टीम ने अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles