द दून स्कूल ने जीता 11वां सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल टूर्नामेंट
देहरादून। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ भव्य समापन हुआ। खिताबी मुकाबले में द दून स्कूल, देहरादून ने मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में द दून स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, जोश और खेल भावना का परिचय दिया। लगातार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और मुकाबले रोमांचक बने रहे।
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। Emerging Player of the Tournament का पुरस्कार टयार डोनी (सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल), Golden Gloves Award विराज भारद्वाज (सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल), Best Player of the Tournament जिगमे (द दून स्कूल) तथा Golden Boot Award सर्वाधिक गोल के लिए अनिरुद्ध (कसीगा स्कूल) को दिया गया। Fair Play Trophy इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून ने हासिल की।
सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के हेडमास्टर डॉ. दिलीप कुमार पांडा ने मुख्य अतिथि के रूप में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
टूर्नामेंट के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उनकी फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि 57 वर्ष की आयु में भी उनकी फिटनेस युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। डॉ. रावत पिछले 27 वर्षों से खिलाड़ी, कोच और रेफरी के रूप में खेल जगत में योगदान दे रहे हैं।
हेड ऑफ स्पोर्ट्स कवलजीत सिंह धालीवाल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 प्रमुख विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें द दून स्कूल, वेलहम बॉयज़ स्कूल, बिशप कॉटन स्कूल शिमला, द सागर स्कूल अलवर, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, कसीगा स्कूल, जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, द एशियन स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल शामिल रहे।
टूर्नामेंट के निष्पक्ष संचालन के लिए डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति और विमल सिंह रावत ने रेफरी पैनल में सेवाएं दीं।
आयोजन की सफलता में सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के स्पोर्ट्स स्टाफ, स्पोर्ट्स कोच अरुण, सुपरवाइजर ललित, फिजियो कुशलानंद सेमवाल सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के साथ विद्यालयी फुटबॉल, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का मंच प्रदान किया।

