कांवड़ मेला 2026 के दौरान 7 खाद्य निर्माता कंपनियों को नोटिस

Spread the love

हरिद्वार, 12 अगस्त। कांवड़ मेला 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा किए गए निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के लेबल पर अनियमितताएं पाए जाने पर 7 निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं। कंपनियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग एंड डिस्प्ले) रेगुलेशन-2020 के अनिवार्य प्रावधानों का पालन नहीं करने का मामला सामने आया है।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने राष्ट्रीय राजमार्ग बहादराबाद कांवड़ क्षेत्र और चंडी घाट कांवड़ क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के 5, बेकरी प्रोडक्ट का 1 और जीरा मसाला सोडा का 1 नमूना, कुल 7 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की निर्माता कंपनियों अनंता एसेंसियल, हरिद्वार, विनायक उद्योग, हरिद्वार, सिल्वर मिस्ट बेवरेज, अंबाला कैंट, जया इंटरप्राइजेज, सहारनपुर और नगीना बेवरेज, नगीना को नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं बेकरी खाद्य पदार्थ के मामले में यूकेटो बेकर्स, हरिद्वार और जीरा मसाला सोडा के मामले में एसओ एंड एसओ बेवरेज, हरिद्वार को नोटिस दिया गया है।

विभाग के अनुसार अनंता एसेंसियल के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के लेबल पर निर्माता कंपनी का नाम-पता अंकित नहीं था और ‘टेस्ट ऑफ नेचर’ का दावा किया गया था। विनायक उद्योग द्वारा ‘पहाड़ी झरने के समान शुद्ध पानी’, सिल्वर मिस्ट बेवरेज द्वारा ‘ट्रीटेड बाई वर्ल्ड क्लास टेक्नोलॉजी’, जया इंटरप्राइजेज द्वारा ‘चैम्पियन्स ड्रिंक्स’ तथा नगीना बेवरेज द्वारा न्यूट्रीशनल क्लेम किए जाने के कारण नोटिस जारी किया गया।

यूकेटो बेकर्स के बेकरी उत्पादों के लेबल पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। वहीं एसओ एंड एसओ बेवरेज की जीरा मसाला सोडा की बोतलों पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

सभी निर्माता कंपनियों को 7 दिन के भीतर लेबल पर पाई गई अनियमितताओं के संबंध में जवाब प्रस्तुत करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कंपनी द्वारा निर्धारित अवधि में जवाब एवं दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं या जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत न्यायालय में वाद दायर कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles