नौगांव–कनारीछीना लिंक सड़क व कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा मार्ग के लिए बजट स्वीकृति की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

नौगांव–कनारीछीना लिंक सड़क व कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा मार्ग के लिए बजट स्वीकृति की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
Spread the love

अल्मोड़ा। क्षेत्रीय जनता ने नौगांव से कनारीछीना लिंक सड़क तथा कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग के निर्माण के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। यह ज्ञापन जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में बताया गया कि लंबे समय से रीठागाड़ी दगड़ियो संघर्ष समिति के सदस्य और क्षेत्रीय जनता इन दोनों सड़क मार्गों के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन करीब छह वर्ष बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

ज्ञापन के अनुसार कनारीछीना–बिनूक पतलचौरा सड़क मार्ग में लगभग 16 नंबर कंपार्टमेंट की करीब 7.5 हेक्टेयर वन भूमि आ रही है। बागेश्वर वन विभाग द्वारा इस भूमि पर पेड़ों और भूमि की पुष्टि करने के बाद प्रस्ताव को खंड लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है। इसके बावजूद अभी तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।

इसी तरह कनारीछीना–नौगांव लिंक सड़क मार्ग का कार्य भी वर्षों से लंबित पड़ा है। छह साल से इस सड़क के द्वितीय चरण के कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं हो पाई है, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सड़क न होने के कारण पतलचौरा से कनारीछीना बाजार तक बीमार और गर्भवती महिलाओं को करीब ढाई से तीन किलोमीटर तक जोखिम भरे रास्तों से ले जाना पड़ता है। वहीं बरसात के मौसम में नौगांव इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को जर्जर रास्तों के कारण आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

क्षेत्रीय जनता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को देखते हुए दोनों सड़क मार्गों के निर्माण के लिए जल्द से जल्द धनराशि स्वीकृत कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

देवभूमि खबर

Related articles