मसूरी विधानसभा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों पर सख्त हुए मंत्री गणेश जोशी, संयुक्त टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों के संबंध में जिला प्रशासन, वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गल्जवाड़ी, गजियावाला, झाड़ीवाला सहित अन्य क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के मामलों में संयुक्त टीम तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करे।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन, वन एवं राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मसंदावाला क्षेत्र में जंगल से आने वाले बरसाती पानी के कारण ग्रामीणों के घरों में होने वाले जलभराव का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री ने अधिकारियों को तकनीकी सर्वे कर शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था के लिए आवश्यक निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को राहत मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी आशीष चौहान, डीएफओ देहरादून नीरज शर्मा, रेंजर शुचि चौहान, तहसीलदार सुरेंद्र सिंह सहित जिला प्रशासन, वन एवं राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

