भगवानपुर में 48 घंटे में सुलझा हत्याकांड: पारिवारिक रंजिश में दामाद की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

भगवानपुर में 48 घंटे में सुलझा हत्याकांड: पारिवारिक रंजिश में दामाद की चाकू से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। पुलिस ने भगवानपुर क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और रक्तरंजित कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को हल्लूमाजरा चौक स्थित गुफरान चिकन सेंटर के पास एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर फोरेंसिक जांच कराई और 27 जून को मुकदमा दर्ज कर विशेष जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपी शहनवाज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी पुत्री का प्रेम विवाह उसके सगे भांजे मुफीद से हुआ था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और तलाक की नौबत आ गई। आरोपी अपनी पुत्री का वैवाहिक जीवन टूटने के लिए मुफीद को जिम्मेदार मानता था। इसी रंजिश में उसने पूर्व नियोजित योजना के तहत भगवानपुर आकर चाकू खरीदा और मौका मिलते ही मुफीद पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद कर लिए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और सटीक पुलिसिंग के दम पर गंभीर अपराधों का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles