बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बाजपुर सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Spread the love

बाजपुर। सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि शिकायतकर्ता के विरुद्ध एनआई एक्ट का मामला सिविल कोर्ट बाजपुर में विचाराधीन है। दोनों पक्षों के बीच राजीनामा होने के बाद जब शिकायतकर्ता राजीनामा दाखिल करने कोर्ट पहुंचा, तो नायब नाजिर ओम चौहान ने कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान को दी।

शिकायत का सत्यापन प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने गुरुवार को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अभियुक्त ओम चौहान, पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट व थाना जसपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर को माननीय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर के कार्यालय से शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

इस सफल कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

देवभूमि खबर

Related articles