हरेला पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया पौधारोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का किया आह्वान

रुड़की/हरिद्वार। देवभूमि उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने हरिद्वार वन प्रभाग द्वारा देवनारायण नगर (आसफनगर झाल) में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने “हर गाँव का यही पैगाम, एक पेड़ माँ के नाम” के संदेश को आत्मसात करते हुए लोगों से इस जनअभियान का सक्रिय हिस्सा बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, संस्कृति और जिम्मेदारी का प्रतीक है। वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति हरेला के अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो सामूहिक प्रयासों से “हरित उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से उत्तराखंड और अधिक हरा-भरा, सुंदर एवं पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध राज्य बनेगा।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

