नई टिहरी कॉलेज में युवा संसद तरुण सभा का आयोजन, संसद की कार्यशैली का प्रभावी प्रदर्शन कर छात्रों ने जीता प्रशंसा
टिहरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार प्राचार्या प्रो. पुष्पा नेगी के मार्गदर्शन में युवा संसद तरुण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। युवा संसद की कार्यवाही राष्ट्रगान से शुरू की गई, जिसके बाद सांसदों द्वारा शपथ ग्रहण किया गया। तत्पश्चात दिवंगत सांसद तथा खेल मंत्री हेतु शोक संदेश के साथ श्रद्धांजलि दी गई।
छात्र-छात्राओं ने संसदीय कार्रवाई का सफल प्रदर्शन करते हुए महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नई शिक्षा नीति (NEP) जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने भारतीय संसद की कार्यप्रणाली का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। विपक्ष ने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, एन ई पी, शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दों को सदन की पटल पर उठाया, जिन पर प्रधानमंत्री और मंत्रियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
युवा संसद में विद्यार्थियों ने प्रश्नकाल, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, चर्चा प्रस्ताव, धन्यवाद प्रस्ताव और निंदा प्रस्ताव जैसी संसदीय गतिविधियों को प्रभावी रूप से मंचित किया। प्राचार्या प्रो. पुष्पा नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की अहम भूमिका है और देश युवाओं की सकारात्मक भागीदारी की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक तथा समिति के संयोजक डॉ. दिनेश कुमार वर्मा द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. नूर हसन, डॉ. हर्षिता जोशी और डॉ. पूजा भंडारी शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों डॉ. रजनी गुसाईं, डॉ. अंकिता बोरा, डॉ. शुभम उनियाल, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पुष्पा पंवार और डॉ. शुभम गोस्वामी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
युवा संसद तरुण सभा कार्यक्रम में प्रो. डी.पी.एस. भंडारी, डॉ. डी.एस. तोपवाल, डॉ. आरती खंडूरी, डॉ. सोबन सिंह कोहली, डॉ. निशांत भट्ट, डॉ. ममता रावत, डॉ. साक्षी शुक्ला, डॉ. मीनाक्षी टम्टा, डॉ. ऋचा पंत, डॉ. चंचल गोस्वामी, डॉ. कमलेश चंद्र पांडेय, डॉ. चंद्रावती जोशी, डॉ. वैभव रावत सहित महाविद्यालय के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

