ऑर्थो चिकित्सक की कथित लूट पर भड़का मोर्चा, CMS को घेरकर दी कड़ी चेतावनी — “व्यवहार नहीं सुधरा तो अस्पताल में ताला लगेगा”
विकासनगर। उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सौरभ गुप्ता द्वारा मरीजों से अतिरिक्त शुल्क वसूलने और मेडिकल प्रमाणपत्र बनाने में कई गुना अधिक फीस लेने के आरोपों को लेकर मोर्चा महासचिव आकाश पंवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने CMS डॉ. प्रदीप चौहान का घेराव कर विरोध दर्ज कराया।
आकाश पंवार ने बताया कि लगातार मरीजों की शिकायतें मिल रही हैं और 2–3 दिन पहले भी मेडिकल बनाने के नाम पर एक व्यक्ति से ₹1000 वसूलने का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि व्यवहार में सुधार नहीं होने पर मोर्चा कार्यकर्ताओं में भारी नाराज़गी है।
पंवार ने कहा कि इतना भारी-भरकम वेतन और भत्ते लेने के बाद भी गरीब मरीजों से लूट करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
विरोध के बाद CMS डॉ. प्रदीप चौहान ने आश्वासन दिया कि भविष्य में डॉ. गुप्ता किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं करेंगे और मामले पर गंभीरता से नज़र रखी जाएगी।
मोर्चा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डॉ. गुप्ता ने अपने व्यवहार में सुधार नहीं किया तो अस्पताल में ताला लगा दिया जाएगा।
घेराव में विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, सलीम मुजीबुर्रहमान, प्रवीण शर्मा पिन्नी, हाजी असद, पछवादून अध्यक्ष अमित जैन, वाहिद कुरैशी, प्रमोद शर्मा, नरेश ठाकुर, दीपांशु अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, यूनुस आदि प्रमुख लोग थे ।

