नवनियुक्त एसपी चमोली हुए पत्रकारों से रूबरू, गिनाई प्राथमिकताएं
चमोली।जनपद चमोली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार ने आज पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से मुलाकात कर अपने कार्य की प्राथमिकताओं, विज़न और मिशन को साझा किया। उन्होंने कहा कि चमोली जनपद की भौगोलिक स्थिति, तीर्थयात्रा केंद्रों और आगामी आयोजनों को देखते हुए पुलिस की भूमिका अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है।
एसपी पंवार ने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता है कि जो वर्तमान में ग्रीष्मकालीन यात्रा चल रही है, नवंबर माह में शेष यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराया जाए। भीड़ नियंत्रण एवं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”उन्होंने बताया कि इसके बाद शीतकालीन यात्रा को भी पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि जोशीमठ* और *पांडुकेश्वर जैसे क्षेत्रों में श्रद्धालु बिना किसी बाधा के दर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि चमोली जैसे पहाड़ी जनपद में आपदा प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा। पुलिस बल को आपदा प्रबंधन में अधिकाधिक प्रशिक्षित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और आपदा मित्रों जैसे संसाधनों के बेहतर समन्वय और उपयोग पर विशेष ध्यान रहेगा।
अगले वर्ष आयोजित होने वाली नंदा राजजात यात्रा* की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा — “मैं 2013 की नंदा राजजात यात्रा में नोडल अधिकारी रहा हूँ। अपने अनुभवों के आधार पर इस बार भी यात्रा की तैयारियों का मूल्यांकन कर आवश्यक संसाधनों की पहचान की जाएगी, ताकि आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।”
आगामी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर गैरसैंण में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को भी भव्य और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
नशा उन्मूलन* को लेकर उन्होंने कहा कि जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक किया जाएगा तथा इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
एसपी पंवार ने कहा कि जनपद की जटिल भौगोलिक संरचना को देखते हुए सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ किया जाएगा। दुर्घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
👉 उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।”पुलिस-जन सहयोग से ही कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। अतः आमजन से अपेक्षा है कि वे पुलिस के साझीदार बनकर शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
