त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, रामनगर में 6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, रामनगर में 6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे
Spread the love

नैनीताल। त्योहारों के नजदीक आते ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामनगर के ढिकुली, लखनपुर चुंगी, मेन मार्केट और तहसील लाइन क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की बिक्री करने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, दही, पनीर, घी सहित अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कुल 6 खाद्य नमूने लिए गए। इनमें 2 पनीर, 1 दूध, 1 देशी घी, 1 दही और 1 स्वीट कन्डेन्स्ड मिल्क का नमूना शामिल है। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन की भी जांच की गई। आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा अमानकीकृत एवं भ्रामक डेयरी और गैर-दुग्ध उत्पादों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना है। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

देवभूमि खबर

Related articles