भाजपा राज में ना महिलाएं सुरक्षित, ना पत्रकार:  गरिमा मेहरा दसौनी

भाजपा राज में ना महिलाएं सुरक्षित, ना पत्रकार:  गरिमा मेहरा दसौनी
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने राज्य में कानून व्यवस्था की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा शासन में ना तो महिलाएं सुरक्षित हैं और ना ही पत्रकार। दसौनी ने यह बयान धर्मनगरी ऋषिकेश में आंवला न्यूज के संपादक योगेश डिमरी पर हुए जानलेवा हमले के संदर्भ में दिया। उन्होंने बताया कि शराब माफियाओं द्वारा किए गए इस हमले में योगेश डिमरी को सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबड़ा तोड़ा गया है और वह ऋषिकेश एम्स अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हैं।

गरिमा दसौनी ने कहा कि योगेश डिमरी लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ रिपोर्टिंग कर रहे थे, जिसके चलते उन पर यह हमला हुआ। दसौनी ने उत्तराखंड के पत्रकार समुदाय से योगेश डिमरी के समर्थन में और शराब माफियाओं के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

दसौनी ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, पत्रकारिता, समाज में हो रहे अनैतिक और अवैध कार्यों को उजागर करने का दायित्व निभाता है। यदि पत्रकारों पर इस प्रकार हमले होते रहेंगे, तो कौन अपनी जान जोखिम में डालकर सच्चाई जनता के सामने लाने का साहस करेगा? उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में महिलाओं और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि प्रदेश में गुंडाराज न पनपे।

दसौनी ने कहा कि योगेश डिमरी पर हमले के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने राज्य सरकार से सवाल किया कि प्रदेश में अवैध शराब की बिक्री रोकने की जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस हमले से देवभूमि शर्मसार हुई है।

देवभूमि खबर

Related articles