HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर करन माहरा का संदेश:राज्य के विकास और महिलाओं-युवाओं के भविष्य पर जोर

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर करन माहरा का संदेश:राज्य के विकास और महिलाओं-युवाओं के भविष्य पर जोर
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर राज्य के 24 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड ने अपने विकास में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन आज भी राज्य के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं।

करन माहरा ने कहा, “आज राज्य के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने की है। इसके लिए ठोस और प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है। हमें अपनी महिलाओं और युवाओं का भविष्य सुरक्षित और आशाजनक बनाना है। उनके सिर से बोझ हटाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए हमें बहुत कुछ करना बाकी है।” उन्होंने राज्य में महिलाओं और युवाओं के लिए बेहतर अवसर सुनिश्चित करने की बात की।

माहरा ने कांग्रेस के कार्यकाल में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के पहले मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी जी के नेतृत्व में राज्य ने विकास के महत्वपूर्ण कदम उठाए। कांग्रेस सरकार ने विभागों का ढांचा तैयार किया और 900 करोड़ की वार्षिक योजना को बढ़ाकर 5000 करोड़ तक पहुंचाया। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों का विकास करके बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए। राज्य में ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए टिहरी बांध, मनेरी भाली, और धौली गंगा जल विद्युत परियोजनाओं को पूरा किया गया। इसके अलावा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार करते हुए एलटी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए हरेला जैसे पर्वों को व्यापक स्तर पर मनाया गया।

लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए माहरा ने कहा कि भाजपा ने अपनी सत्ता को मजबूत करने के लिए सत्ताबल और धनबल का इस्तेमाल किया और विपक्षी विधायकों की खरीद-फरोख्त की संस्कृति को बढ़ावा दिया। इसके कारण राज्यवासियों ने वह खोया है जो बड़ी कठिनाई से हासिल हुआ था। भाजपा के शासन में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, सड़क दुर्घटनाओं में मौतें और कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हुई है।

प्रदेश के स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी करन माहरा ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य के अस्पतालों की हालत खराब है और स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर गिर चुका है। इसके अलावा, भाजपा सरकार ने “एक देश-एक चुनाव” के नारे के बावजूद समय पर निकाय चुनाव, छात्र संघ चुनाव और सहकारी चुनाव नहीं कराए। भाजपा सरकार ने बेरोजगार युवाओं, उपनल कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, और अन्य कर्मचारियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया और वे अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर आंदोलन करने के लिए मजबूर हुए।

माहरा ने राज्य के विकास के लिए कांग्रेस सरकार की प्रतिबद्धता को भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राज्य निर्माण की भावना को संजोते हुए गैरसैंण में विधानसभा भवन का निर्माण कराया और 2015 में वहां विधानसभा सत्र आयोजित किया। 2017 में भी बजट सत्र गैरसैंण में आयोजित करने का संकल्प लिया गया था।

अंत में, करन माहरा ने सभी से अपील की कि हम सब मिलकर उत्तराखंड के निर्माण और विकास के शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प लें और राज्य के उत्थान में अपनी सहभागिता निभाएं।

देवभूमि खबर

Related articles