वीकेंड पर नगर से देहात तक दून पुलिस की “नाइट स्ट्राइक”, 35 संदिग्ध थाने लाए गए

वीकेंड पर नगर से देहात तक दून पुलिस की “नाइट स्ट्राइक”, 35 संदिग्ध थाने लाए गए
Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने वीकेंड की रात नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में गठित अलग-अलग पुलिस टीमों ने होटल, बार, पब, रेस्टोरेंट समेत विभिन्न स्थानों पर औचक जांच की। इसके साथ ही रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी गई।

दिनांक 3-4 अक्टूबर 2026 की रात्रि चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जनपद में 1809 वाहनों की चेकिंग की। वहीं रात्रि में घूम रहे 1900 से अधिक व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई। संदिग्ध पाए गए 35 व्यक्तियों को थानों में लाकर उनसे आवश्यक पूछताछ की गई तथा उनका सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 18 वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी रही। पुलिस ने 30 वाहन चालकों के मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान करते हुए 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा 65 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय भेजे गए तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रात्रि के समय होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles