भराड़ीसैंण विधानसभा बजट सत्र को लेकर कड़ी सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा पुलिस बल
भराड़ीसैंण ।(गैरसैंण) में आयोजित होने वाले विधानसभा बजट सत्र के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में सुरक्षा रिहर्सल के बाद अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरूगेशन ने सत्र ड्यूटी में नियुक्त सभी राजपत्रित अधिकारियों की डी-ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डी-ब्रीफिंग के दौरान सेक्टर प्रभारियों, जोनल अधिकारियों और ड्यूटी प्रभारियों से सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विस्तृत फीडबैक लिया गया। ड्यूटी के दौरान संभावित चुनौतियों, व्यवस्थाओं और आपसी समन्वय से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, हेलीपैड सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन, रूट ड्यूटी, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन रिस्पॉन्स से संबंधित तैयारियों की भी गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी टीमें आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि विधानसभा सत्र शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। संभावित विरोध-प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा यातायात को सुचारू बनाए रखने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार सहित सत्र ड्यूटी में नियुक्त सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।

