प्रधानमंत्री का उत्तराखंड दौरा कल, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे समेत विकास योजनाओं की देंगे सौगात
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा राज्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वे एक्सप्रेस-वे परियोजना सहित कई बड़ी विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी से जुड़ी एक बड़ी परियोजना देश को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:15 बजे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के ऊंचे खंड पर बने वन्यजीव कॉरिडोर का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री लगभग 11:40 बजे मां डाट काली मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे देहरादून में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
करीब 213 किलोमीटर लंबा यह छह लेन वाला एक्सेस कंट्रोल्ड आर्थिक गलियारा 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह परियोजना दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नया आयाम देगी। इसके शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
परियोजना में 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार बड़े पुल और सड़क किनारे 12 जनसुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली से इसे सुरक्षित और सुगम बनाया गया है।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस गलियारे में विशेष प्रावधान किए गए हैं। लगभग 12 किलोमीटर लंबा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर, आठ पशु मार्ग, 200 मीटर लंबे दो हाथी अंडरपास और दात काली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया गया है, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही बाधित न हो।
दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति देगा। यह परियोजना आधुनिक बुनियादी ढांचे के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

