आईजी नीलेश आनन्द भरणें ने केदारनाथ यात्रा तैयारियों का किया व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

आईजी नीलेश आनन्द भरणें ने केदारनाथ यात्रा तैयारियों का किया व्यापक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
Spread the love

रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस महानिरीक्षक (साइबर/एसटीएफ) उत्तराखण्ड नीलेश आनन्द भरणें ने केदारनाथ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जवाड़ी बाईपास से गौरीकुण्ड तक के पूरे रूट, यातायात, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। इसके बाद केदारनाथ धाम पहुंचकर मंदिर परिसर, पुलिस चौकी और पुलिस बल के लिए आवासीय एवं बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर हेलीपैड और मंदिर परिसर तक पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गौरीकुण्ड क्षेत्र में पैदल मार्ग, घोड़ा पड़ाव, शटल सेवा और तप्त कुंड का निरीक्षण करते हुए पुलिस प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। सोनप्रयाग, सीतापुर और अन्य प्रमुख पड़ावों पर पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूरे क्षेत्र को 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जबकि यातायात प्रबंधन के लिए अलग से जोन बनाए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने साइबर अपराधों पर सख्ती बरतने के निर्देश देते हुए हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने और सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने को कहा। साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य व्यवहार रखने, यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी देने तथा बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों की सहायता के लिए तकनीकी साधनों जैसे गूगल ट्रांसलेटर का उपयोग करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष बल दिया गया।

देवभूमि खबर

Related articles