थाना दिवस पर उठे जनसमस्याओं के मुद्दे, पुलिस ने दिए समाधान के आश्वासन

थाना दिवस पर उठे जनसमस्याओं के मुद्दे, पुलिस ने दिए समाधान के आश्वासन
Spread the love

टिहरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्री आयुष अग्रवाल के निर्देशानुसार थाना मुनि की रेती में थाना दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें सीएलजी मेंबर, विभिन्न यूनियन प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की कई समस्याएं सामने आईं। मधुबन आश्रम के पास ई-रिक्शा और ई-ऑटो के अनावश्यक रूप से खड़े होने से जाम की समस्या बताई गई, जिसके समाधान हेतु यातायात पुलिस की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। आस्था पथ और विभिन्न घाटों पर नशा करने वाले व्यक्तियों की शिकायत पर संबंधित चौकी प्रभारी को सतर्क दृष्टि रखते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार तपोवन बाजार के व्यापार मंडल अध्यक्ष द्वारा सत्यापन अभियान चलाए जाने की मांग पर भी सहमति जताई गई।

मुनि की रेती क्षेत्र के घाटों पर बच्चों द्वारा फूल बेचे जाने की समस्या पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया गया कि बच्चों के परिजनों को चिन्हित कर इस प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी। वहीं वार्ड नंबर 11 ढाल वाला क्षेत्र में नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए संबंधित चौकी प्रभारी को टीम बनाकर कार्रवाई करने और प्रभावी गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

थाना दिवस के दौरान क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर ने उपस्थित नागरिकों को आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती श्री प्रदीप चौहान, यातायात निरीक्षक श्री उमा दत्त सेमवाल, वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, सभी चौकी प्रभारी तथा करीब 55 लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles