दून विश्वविद्यालय में बनेगा प्रश्न बैंक, परीक्षा प्रणाली होगी अधिक पारदर्शी और मानकीकृत,

देहरादून। दून विश्वविद्यालय की 40वीं विद्यापरिषद् की बैठक में परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय स्तर पर प्रश्न बैंक (Question Bank) के गठन को मंजूरी दी गई। इस पहल के तहत विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रम के अनुरूप मानकीकृत और गुणवत्तापूर्ण प्रश्नों का व्यापक भंडार तैयार किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में परीक्षा प्रणाली की गुणवत्ता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रश्न बैंक की स्थापना से प्रश्नपत्र निर्माण की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और गोपनीय होगी तथा विद्यार्थियों के ज्ञान, विश्लेषणात्मक क्षमता और अधिगम परिणामों का बेहतर मूल्यांकन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रश्न बैंक में विभिन्न कठिनाई स्तरों, अधिगम परिणामों (Learning Outcomes) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इससे परीक्षा प्रणाली में एकरूपता आएगी और प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनेगीn
विद्यापरिषद् ने निर्णय लिया कि विश्वविद्यालय के सभी विभाग अपने-अपने विषयों के प्रश्न बैंक तैयार करेंगे। इसके लिए विषय विशेषज्ञों की समितियां गठित की जाएंगी, जो पाठ्यक्रम की प्रत्येक इकाई के अनुरूप वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय, दीर्घ उत्तरीय और अनुप्रयोग-आधारित प्रश्न तैयार करेंगी। आवश्यकता के अनुसार इन प्रश्न बैंकों का समय-समय पर पुनरीक्षण और अद्यतन भी किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बढ़ेगी, प्रश्नपत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं मानकीकृत मूल्यांकन उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह पहल दून विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

