रुड़की में नकली पनीर बनाने वाली इकाई पर छापा, 2 क्विंटल अर्द्धनिर्मित पनीर नष्ट

हरिद्वार,। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रुड़की ब्लॉक के नन्हेड़ा अनेतपुर में पनीर निर्माण इकाई पर छापेमारी कर प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के निर्माण का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान करीब 2 क्विंटल अर्द्धनिर्मित पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल नष्ट कराया गया, जबकि 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर को जब्त कर सीज किया गया। निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में 3 अक्टूबर की रात्रि उपायुक्त गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में सहायक आयुक्त हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार शामिल रहे। पुलिस बल एसपी देहात अभय प्रताप सिंह के सहयोग से उपलब्ध कराया गया।
निरीक्षण के दौरान पनीर निर्माता आजाद पुत्र ईसाक की इकाई में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का निर्माण, संग्रह और बिक्री किए जाने की बात सामने आई। मौके से दो टीनों में करीब 20 किलो पामोलीन ऑयल और 30 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर बरामद किया गया।
पूछताछ में पनीर निर्माता ने बताया कि वह पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर तैयार करता था तथा इसे बाजार में 240 रुपये प्रति किलो की दर से बेचता था। कार्रवाई के दौरान करीब 2 क्विंटल अर्द्धनिर्मित पनीर और 20 किलो पामोलीन ऑयल को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि स्किम्ड मिल्क पाउडर को सीज कर जब्त कर लिया गया।
प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ एनालॉग पनीर के निर्माण के कारण पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेश तक बंद करा दिया गया है। विभाग ने पनीर निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से खुले पनीर, खुले पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन विधिक नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में एडीपीओ सत्यपाल सिंह, कांस्टेबल सुधीर कुमार, योगेन्द्र सिंह, परीक्षित, सोनू पुरी तथा महिला कांस्टेबल रोमा और निर्मला शामिल रहीं।
