रायपुर ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, घर में काम करने वाला नौकर निकला हत्यारोपी

रायपुर ब्लाइंड मर्डर का 12 घंटे में खुलासा, घर में काम करने वाला नौकर निकला हत्यारोपी
Spread the love

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला रेखा बंसल की हत्या की गुत्थी दून पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी विनीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मृतका के परिवार को लंबे समय से जानता था और दिनेश बंसल की बुक शॉप पर हेल्पर के रूप में काम करता था। SSP देहरादून ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने बकाया मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया।

एसएसपी देहरादून ने बताया कि 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 सेवा की टीम ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए SSP देहरादून स्वयं तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतका के पति की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 360/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।

एसएसपी ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान विनीत कुमार का नाम सामने आया।

पुलिस टीम ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना के दौरान उसके द्वारा पहना गया कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

एसएसपी देहरादून के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून में रह रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। साथ ही वह डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था।

आरोपी करीब 15 वर्षों से दिनेश बंसल के परिवार को जानता था। पुलिस के मुताबिक, उसकी मजदूरी की कुछ रकम बकाया थी और वह कई बार भुगतान की मांग कर चुका था। घटना वाले दिन वह दिनेश बंसल की स्कूटी से उनके घर पहुंचा। उसे जानकारी थी कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है।

घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं। आरोपी ने उनसे अपने बकाया पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने तैश में आकर हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद वह बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं।

पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक हाथ से दबा दिया। कुछ देर बाद जब उसे लगा कि वृद्धा की मौत हो गई है, तो उसने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतार लिया और मौके से फरार हो गया।

वारदात के बाद आरोपी गेस्ट हाउस पहुंचा और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े बदल लिए।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने घटना के बाद पुलिस से बचने के लिए खुद को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते वह ज्यादा देर तक बच नहीं सका। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामान और लूटा गया कड़ा बरामद कर लिया।

आरोपी विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, मूल निवासी ग्राम मंजयाली नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 33 वर्ष है। वर्तमान में वह अजबपुर कला, देहरादून में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1)/309(4)/117(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र द्वारा 5,000 रुपये तथा एसएसपी  देहरादून द्वारा 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया है।

एसएसपी  ने कहा कि दून पुलिस अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और गंभीर घटनाओं में आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ पारंपरिक पुलिसिंग का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles