भारी बारिश से बंद मार्ग बहाल, वैली ब्रिज निर्माण तेज़ — उत्तरकाशी में सड़क, संचार और बिजली बहाली के कार्य युद्धस्तर पर

भारी बारिश से बंद मार्ग बहाल, वैली ब्रिज निर्माण तेज़ — उत्तरकाशी में सड़क, संचार और बिजली बहाली के कार्य युद्धस्तर पर
Spread the love

उत्तरकाशी ।कल और आज रात हुई भारी बारिश के दौरान भटवाड़ी के पास औंगी में आए भूस्खलन से सड़क बंद हो गई थी। पीडब्ल्यूडी की जेसीबी और पोकलैंड मशीनों की मदद से आज उक्त मार्ग को पुनः खोल दिया गया, जिससे लिमचीगाड में बन रहे वैली ब्रिज तक वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई।

लिमचीगाड में वैली ब्रिज का कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसके आज देर रात तक पूर्ण होने की संभावना है। इसके बाद भटवाड़ी में तैयार खड़ी पीडब्ल्यूडी मशीनों व गेबियन स्ट्रक्चर को सोन गाड में ढाई सौ मीटर और 300 मीटर के दो वाशआउट एरिया को पुनः यातायात योग्य बनाने में लगाया जाएगा।

संचार व्यवस्था सुधारने के लिए हर्षिल में एयरटेल कंपनी की एक टीम को आज हेलीकॉप्टर से भेजा गया है, साथ ही उन्हें 100 लीटर ईंधन भी उपलब्ध कराया गया है। उम्मीद है कि आज ही एयरटेल के दो टावर चालू हो जाएंगे, जिससे हर्षिल और धराली क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।

विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए यूपीसीएल की टीम प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच चुकी है और हैवी वायर भी उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिससे जल्द ही सामान्य बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।

वैली ब्रिज निर्माण स्थल पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम चौबीसों घंटे तैनात है, ताकि कार्य में बाधा न आए और किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। सभी लैंडस्लाइड जोन में भी पुलिस बल तैनात है। वहीं मातली और चिनियालीसौड़ हेलीपैड से निर्माण एजेंसियों एवं अन्य विभागों की सामग्री प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचाने में पुलिस प्राथमिकता से सहयोग कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles