कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चीड़बाग, गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल पर आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और पूरी दुनिया के सामने भारतीय सेना की शक्ति और संकल्प का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि देश सदैव अपने वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
