एसडीएम राजकुमार पाण्डे ने किया एनएच का निरीक्षण, सड़कों और नालियों की मरम्मत के निर्देश
चमोली । जिलाधिकारी संदीप तिवारी के निर्देशानुसार, शुक्रवार को एसडीएम राजकुमार पाण्डे ने सुबोध स्कूल से पीपलकोटी तक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने एनएच अधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त करने और टूटी-बंद नालियों की मरम्मत का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि सड़कों की तुरंत मरम्मत नहीं की गई, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने सुबोध स्कूल से फायर स्टेशन तक टूटी और बंद नालियों को ठीक करने के आदेश दिए। हल्दापानी के 200 मीटर क्षेत्र में पैचवर्क न होने पर भी एसडीएम ने निर्देश दिए कि जल्द से जल्द पैचवर्क किया जाए। पटियाला धार के पास क्षतिग्रस्त सड़क की दीवार और रामपुरा के आगे खराब गुणवत्ता वाली टाइल्स पर भी अधिकारियों को सुधार करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने नौनापानी, ग्वीलों, भेषज कार्यालय के पास, अरिहंत हॉस्पिटल, क्षेत्रपाल, बिरही बैंड और गडोरा पुल के पास बने बड़े गड्ढों को भरने के निर्देश दिए। छिनका स्लाइडिंग जोन में सड़क पर गिरे मलबे को हटाने और मायापुर माउंट व्यू होटल के पास गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया। एसडीएम ने एनएच अधिकारियों को सभी निर्देशों का तुरंत पालन करने की सख्त हिदायत दी।


