सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों का किया बारीकी से निरीक्षण

सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों का किया बारीकी से निरीक्षण
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने सरोवर नगरी नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले चीना बाबा मंदिर के निकट सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल और दीना होटल में आग से क्षतिग्रस्त हुए भवनों का स्थलीय निरीक्षण किया। विगत दिवस हुई इस आगजनी में स्कूल भवन सहित एक अन्य भवन भी प्रभावित हुआ था। स्कूल के लगभग 120 विद्यार्थियों के लिए वैकल्पिक भवन चयन की प्रक्रिया जारी है। आगजनी के कारणों की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है, जबकि सचिव मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और देय राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने फायर ब्रिगेड द्वारा घटना के दौरान किए गए कार्यों की सराहना भी की।

इसके बाद उन्होंने नैना देवी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंदिर परिसर के निकट भोटिया मार्केट हेतु दुकानों का निर्माण, मार्ग सुदृढ़ीकरण, दीवार शिफ्टिंग, मुख्य द्वार, लाइटिंग और फिनिशिंग जैसे कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं। कुमाऊं आयुक्त ने अवशेष कार्यों को एक माह में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए।

कुमाऊं आयुक्त ने क्षतिग्रस्त माल रोड तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे बिड़ला मार्ग और स्नो व्यू मार्ग का भी निरीक्षण किया। माल रोड के उपचारात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने मुख्य अभियंता से समयबद्ध और गुणवत्तायुक्त कार्य सुनिश्चित करने को कहा। स्नो व्यू और बिड़ला रोड की जर्जर स्थिति को देखते हुए गड्ढा युक्त सड़क को तुरंत गड्ढामुक्त करने और शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

बिड़ला मार्ग निरीक्षण के दौरान मार्ग के निकट निर्माणाधीन भवनों की जांच भी की गई। सचिव प्राधिकरण एवं संबंधित अभियंताओं को भवन निर्माण की स्वीकृति, अनुमोदन एवं अवैध निर्माणों पर की गई कार्यवाही के अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, उपजिलाधिकारी नैनीताल, जिला पर्यटन अधिकारी नैनीताल, नगर पालिका ईओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles