उच्च शिक्षा विभाग को मिले 5 नये सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष ,उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने नियुक्ति पत्र किए वितरित

उच्च शिक्षा विभाग को मिले 5 नये सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष ,उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने नियुक्ति पत्र किए वितरित
Spread the love

देहरादून।उच्च शिक्षा विभाग को आज 5 नये सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष मिल गए। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों को विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र पाकर युवा चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर डॉ. रावत ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और ईमानदारी के साथ करें।

डॉ. रावत ने बताया कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा विभाग में लगातार रिक्त पदों को भरने का कार्य कर रही है। इसी क्रम में 5 सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति से महाविद्यालयों के पुस्तकालयों में व्यवस्था सुदृढ़ होगी, छात्रों को समय पर बेहतर पुस्तकें उपलब्ध होंगी और पुस्तकों का व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित हो सकेगा। सभी चयनित सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों को प्रथम तैनाती दुर्गम क्षेत्रों के महाविद्यालयों में दी गई है। इनमें संतोषी गौड़ को राजकीय महाविद्यालय नैनीडांडा, अर्पित कुमार सिंह को उपरैंखाल, प्रीति जोशी को भतरौंजखान, चंदन सिंह जीना को थलीसैण तथा मनोज कुमार को राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में पहली तैनाती मिली है।

नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद सभी युवा अभ्यर्थियों ने विभागीय मंत्री डॉ. रावत के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, उप निदेशक डॉ. ममता नैथानी, सहायक निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार, वीरेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी, नव नियुक्त सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष तथा उनके परिजन उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles