ऋषिकेश से श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुई श्री हेमकुंट साहिब यात्रा, पहले जत्थे को दिखाई गई हरी झंडी
ऋषिकेश। सिख श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक श्री हेमकुंट साहिब यात्रा का शुभारंभ मंगलवार को ऋषिकेश स्थित लक्ष्मण झूला मार्ग के गुरूद्वारा परिसर से भव्य और श्रद्धामय वातावरण में हुआ। दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने पंज प्यारों की अगुवाई में पहले जत्थे को रवाना कर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया।
इस विशेष अवसर पर गुरूद्वारा परिसर और दरबार हॉल को फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा एवं रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री से भव्य रूप से सजाया गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरूद्वारा परिसर में जुटने लगे थे। गुरूद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि सरदार तरनजीत सिंह संधू का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गुरूद्वारा दरबार साहिब में मत्था टेका। ट्रस्ट की ओर से उपराज्यपाल को सिरोपा, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पंज प्यारों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सिख समुदाय के 8 वर्षीय जीनियस मास्टर रणवीर सिंह सचदेवा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस दौरान रागी जत्थों एवं गुरमत संगीत बाल विद्यालय के विद्यार्थियों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों, पुष्पवर्षा और बैंड-बाजों की धुन के बीच पहला जत्था अपने पवित्र गंतव्य की ओर रवाना हुआ।
उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने संगत को संबोधित करते हुए श्री हेमकुंट साहिब यात्रा की पवित्र परंपरा और उसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और निर्विघ्न यात्रा की कामना करते हुए गुरू महाराज के समक्ष अरदास की। साथ ही प्रशासन और गुरूद्वारा ट्रस्ट द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना भी की।
कार्यक्रम में मंत्री प्रदीप बत्रा, उत्तराखण्ड माइनॉरिटीज एजुकेशन अथॉरिटी के चेयरमैन डॉ. सुरजीत सिंह, उत्तराखण्ड माइनॉरिटीज कमीशन की वाइस चेयरपर्सन फरजाना बेगम, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती, दिल्ली गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, पंजाब के राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत सिंह संधू, उत्तराखण्ड बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, ऋषिकेश महापौर शंभु पासवान सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा और देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल उत्तराखंड के कार्यों पर आधारित पुस्तक “गुरसेवक” तथा डॉ. गुरदीप कौर द्वारा लिखित पुस्तक “Summary of Krishna Avtar from Dasam Granth Sahib” का भी विमोचन किया गया।
अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष सरदार नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने श्रद्धालुओं से यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए सभी के लिए सुखद एवं निर्विघ्न यात्रा की अरदास की।

