सरोवर नगरी नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, नौकायन के लिए लगी लंबी कतारें

सरोवर नगरी नैनीताल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, नौकायन के लिए लगी लंबी कतारें
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास इन दिनों पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नैनी झील में नौकायन करने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है और लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। पर्यटन सीजन के चलते स्थानीय कारोबारियों और दुकानदारों के चेहरे भी खिले हुए दिखाई दे रहे हैं।

नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों स्नो व्यू पॉइंट, हनुमान गढ़ी मंदिर, नैना देवी मंदिर, घोड़ाखाल मंदिर, कैची धाम, सातताल, भीमताल और नौकुचियाताल में भी पर्यटकों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। इसके अलावा चिड़ियाघर और केव गार्डन में भी पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था संभालने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि जाम की स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।

वहीं दूसरी ओर, इस बार कम बारिश होने के कारण नैनी झील का जलस्तर लगातार घट रहा है। जल स्रोतों में भी पानी कम होने लगा है, जिससे आने वाले समय में पानी की किल्लत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मैदानी क्षेत्रों की तरह भीषण गर्मी यहां भी बढ़ती है तो जल संकट गंभीर रूप ले सकता है।

सूत्रों के अनुसार इन दिनों नैनीताल का तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और शाम हल्की गर्मी महसूस होने लगी है, जबकि देर रात भी गर्मी का असर देखा जा रहा है। फिलहाल मौसम में बदलाव की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

इधर कैची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगामी 15 जून को बाबा नीम करौली बाबा के स्थापना दिवस को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन और मंदिर समिति को इस वर्ष लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

देवभूमि खबर

Related articles