अल्मोड़ा में 38.220 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, 9.55 लाख रुपये की खेप बरामद

अल्मोड़ा। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक टैक्सी कार से 38.220 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत 9 लाख 55 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग करते हुए गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में 21 अक्टूबर 2026 को सल्ट पुलिस टीम चिमटाखाल तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टैक्सी कार संख्या यूके 19 टीए-1223 को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार चालक जगत सिंह अधिकारी के कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में गांजा बरामद हुआ। पहले कट्टे में 17.560 किलोग्राम और दूसरे कट्टे में 20.660 किलोग्राम गांजा मिला। दोनों कट्टों से कुल 38.220 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी जगत सिंह अधिकारी (29) पुत्र उत्तम सिंह अधिकारी, निवासी ग्राम नाथूजाला, कोटाबाग, थाना कालाढूंगी, जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना सल्ट में मुकदमा संख्या 19/2026 के तहत स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की धारा 8/20/60 में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अब गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े स्रोतों और तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक दीपचन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल हेमन्त मनराल, हेड कांस्टेबल विरेन्द्रपाल सिंह और कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार शामिल रहे।


