लेखक गांव में स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025 का समापन, मुख्यमंत्री धामी ने दिया साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून के लेखक गांव, थानों में आयोजित स्पर्श हिमालय महोत्सव-2025 के समापन सत्र में प्रतिभाग किया। उन्होंने यहां स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना की रजत जयंती पर सभी आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि लेखक गांव की परिकल्पना उन विचारों का प्रतीक है, जो समाज को सही दिशा देते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़कर भविष्य निर्माण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि यहां आयोजित यह महोत्सव नई सृजन-यात्रा का शुभारंभ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए सतत प्रयासरत है। इसके तहत ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है और विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए वित्तीय सहायता भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट साहित्यकारों को ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से सम्मानित करने की परंपरा जारी है, जिसके अंतर्गत पाँच लाख रुपए तक की धनराशि देने की घोषणा भी की गई है।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को साहित्य के प्रति आकर्षित करने के लिए भी राज्य में विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्कृष्ट साहित्यकारों, कलाकारों और संस्कृति साधकों के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया। आगामी 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड पधार रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सांस्कृतिक रूप से समृद्ध उत्तराखंड में लेखक गांव न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विश्व के साहित्यिक मानचित्र पर भी राज्य की अलग पहचान बना रहा है। यह पहल भारतीय प्राचीन परंपराओं को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, पूर्व रक्षा सचिव डॉ. योगेन्द्र नारायण, ले.ज. (से.नि.) श्री अनिल कुमार भट्ट, पद्मश्री डॉ. हरमोहिन्दर सिंह बेदी, श्रीमती विदुषी निशंक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

