रुद्रपुर निवेश उत्सव में दिखा ‘टीम धामी’ का दम, अमित शाह बोले – विकसित भारत के लिए उत्तराखंड की भूमिका अहम
देहरादून।रुद्रपुर में आयोजित ‘उत्तराखंड निवेश उत्सव – 2025’ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद हुए एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग का उत्सव मनाया गया।
गृह मंत्री ने उत्तराखंड सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे “टीम धामी का पराक्रम” बताया और केंद्र से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने ग्लोबल समिट के समापन पर मुख्यमंत्री धामी से कहा था कि असली पराक्रम निवेश को ज़मीन पर उतारने में है, जो अब सफलतापूर्वक हो रहा है।
अब तक के निवेश से 81,000 नए रोजगार सृजन का रास्ता साफ हुआ है, साथ ही सहायक उद्योगों के ज़रिए ढाई लाख से अधिक रोजगार की उम्मीद है।
राज्य सरकार उद्योग और पर्यावरण के बीच संतुलन रखते हुए पारदर्शिता, तीव्रता और दूरदर्शिता के साथ कार्य कर रही है।
शाह ने कहा कि 2014 के बाद मोदी सरकार बनने के बाद से उत्तराखंड को लगातार डबल इंजन सरकार का लाभ मिला है।
देशभर में विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में 60% अधिक राजमार्ग, 8 लाख किमी ग्रामीण सड़कें, 88 नए एयरपोर्ट और 45,000 किमी रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण हुआ।
मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया, और 55 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी।
2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए अमित शाह ने उत्तराखंड के विकास को अनिवार्य बताया।
राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ऑलवेदर रोड, रोपवे परियोजनाएं, केदारनाथ व हेमकुंड साहिब के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
गृह मंत्री ने धामी सरकार की पर्यटन, एमएसएमई, स्टार्टअप और फिल्म नीति की प्रशंसा की जिससे निवेश का माहौल बना है।
आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक उपचार और जैविक खेती उत्तराखंड के भविष्य के विकास का आधार बनेंगे।
मोदी सरकार ने उत्तराखंड को पिछले सरकार की तुलना में चार गुना अधिक ₹1.86 लाख करोड़ की केंद्रीय सहायता दी है। साथ ही ₹31,000 करोड़ सड़क, ₹40,000 करोड़ रेलवे और ₹100 करोड़ एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स के लिए दिए गए।
शाह ने एक लाख करोड़ की ग्राउंडिंग के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि शेष निवेश को भी ज़मीन पर उतारा जाए, केंद्र सरकार हरसंभव सहयोग को तैयार है।

