एसएसपी दून ने किया हत्या का खुलासा, पैसों के विवाद में युवक की हत्या करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

देहरादून। एसएसपी देहरादून ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पैसों के लेन-देन के विवाद में युवक की हत्या करने वाले तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।

एसएसपी ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को संतराम धीमान निवासी शास्त्री नगर, बसंत विहार द्वारा अपने 28 वर्षीय पुत्र दिगंबर धीमान की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी, जो 9 फरवरी को कोर्ट की तारीख पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।

जांच के दौरान पता चला कि मृतक के कुछ साथी भी उसी दिन से लापता थे और वे एक टैक्सी से साथ गए थे। संदिग्ध टैक्सी चालक राजनन्दन को 17 फरवरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने खुलासा किया कि 9 फरवरी की रात अभियुक्तों ने शव को कंबल में लपेटकर उसकी टैक्सी से चिडियापुर के जंगलों में फेंका। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का शव बरामद किया और टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 30/26 धारा 103(1), 238(1), 61(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान हत्या रेसकोर्स स्थित कमरे में किए जाने के तथ्य सामने आने पर मामला थाना नेहरू कॉलोनी को स्थानांतरित किया गया।

उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया। सुरागरसी, मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की सहायता से 21 फरवरी 2026 को आईएसबीटी के पास हरिद्वार बाईपास रोड से तीनों मुख्य अभियुक्त—हेमंत सेमवाल (37), आदिल (38) और वैभव भट्ट उर्फ संजू (25)—को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, हथौड़ा और मृतक के जूते नेपाली फार्म के पास सूखी नदी से बरामद किए गए।

एसएसपी के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि दिगंबर से ढाई लाख रुपये का लेन-देन विवाद चल रहा था। 9 फरवरी को उसे रेसकोर्स स्थित कमरे में बुलाकर नशा किया गया और पैसे मांगने पर विवाद बढ़ने पर लोहे की रॉड, हथौड़े और पेंचकस से हमला किया गया, जिससे अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को चिडियापुर के जंगल में ले जाकर रेत में दबा दिया गया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है और उनके खिलाफ पूर्व में मारपीट, हत्या के प्रयास एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।

पूरे प्रकरण का खुलासा थाना बसंत विहार, थाना नेहरू कॉलोनी एवं एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।

Next Post

देहरादून में 30वें ‘दिव्य कला मेला’ का भव्य शुभारंभ, दिव्यांगजन आत्मनिर्भर भारत की निर्णायक शक्ति :  राज्यपाल

Spread the love देहरादून।रविवार को देहरादून के रेंजर्स मैदान में 30वें ‘दिव्य कला मेला’ का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने कहा कि दिव्य कला मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेरणा और उत्साह का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा […]