HTML tutorial
HTML tutorial

एसएसपी नैनीताल का तल्लीताल कोतवाली में वार्षिक निरीक्षण, चुस्त-दुरुस्त पुलिसिंग और शस्त्र प्रशिक्षण पर दिया जोर

एसएसपी नैनीताल का तल्लीताल कोतवाली में वार्षिक निरीक्षण, चुस्त-दुरुस्त पुलिसिंग और शस्त्र प्रशिक्षण पर दिया जोर
Spread the love

नैनीताल। डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को कोतवाली तल्लीताल का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑनलाइन कार्यों, थाना अभिलेखों को अद्यावधिक रखने तथा शस्त्रों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गार्ड द्वारा एसएसपी को सलामी दी गई, जिसे उच्च कोटि का पाया गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक मनोज नयाल ने कोतवाली परिसर, कर्मचारी बैरक, भोजनालय और मालखाने का निरीक्षण कराया। एसएसपी ने साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


एसएसपी ने आपदा उपकरणों और शस्त्रों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों का शस्त्र अभ्यास कराया। इस दौरान शस्त्रों को खोलने और जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली गई। जिन कर्मचारियों को शस्त्र संचालन में कठिनाई हुई, उन्हें फटकार लगाते हुए छह पुलिस कर्मियों को प्रतिदिन पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए।

वहीं बेहतर रिस्पांस टाइम और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कृत कर्मियों में उपनिरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उपनिरीक्षक सतीश उपाध्याय, महिला कांस्टेबल लता रावत, कांस्टेबल बृजमोहन, कांस्टेबल वीरेंद्र कोटाल, कांस्टेबल दीपक उपाध्याय और कांस्टेबल चनीराम शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, माल रजिस्टर, जनरल डायरी, महिला हेल्पडेस्क रजिस्टर, सीएम हेल्पलाइन रजिस्टर, गिरफ्तारी रजिस्टर और अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। सभी ऑनलाइन पोर्टलों और CCTNS कार्यों का डेटा समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

महिला हेल्पडेस्क में प्राप्त शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही लंबित विवेचनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटाने के निर्देश दिए गए।

सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिस कर्मियों को साफ-सुथरी वर्दी पहनने, नियमित व्यायाम करने और क्षेत्र में पुलिस विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला अपराध, साइबर अपराध और नशा तस्करी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने, पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जगदीश चंद्र, रेवाधर मठपाल, रविकांत सेमवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles