ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
देहरादून। दून पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग साढ़े पांच लाख रुपये मूल्य की 17.62 ग्राम अवैध स्मैक तथा 1 किलो 198 ग्राम गांजा बरामद किया है।
विकासनगर कोतवाली पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल के पास ऑल्टो कार संख्या UK07BT-3409 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में चालक दिलशाद उर्फ शानू के कब्जे से 7.48 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सहसपुर और सेलाकुई में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इसी क्रम में बैराज रोड झूला पुल, डाकपत्थर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान आसिफ पुत्र इमरान को 10.13 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK16E-9927 को भी सीज किया है। आरोपी आसिफ के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और लूट के कई मामले दर्ज हैं।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने सब्जी मंडी सुलभ शौचालय के पास चेकिंग के दौरान सिवरन साहनी नामक महिला को 1 किलो 198 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने महिला के कब्जे से 2630 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दून पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

