एसएसपी सर्वेश पंवार ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था से लेकर साइबर अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश

एसएसपी सर्वेश पंवार ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था से लेकर साइबर अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश
Spread the love

पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में अगस्त माह की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद की कानून व्यवस्था, वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा सहित मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान सभी थाना प्रभारियों को मुख्यालय स्तर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त, चेकिंग एवं संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाई जाए। सार्वजनिक आयोजनों के दृष्टिगत कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने टॉप-10 अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों की निरंतर निगरानी करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में लंबित विवेचनाओं, शिकायतों एवं जनसुनवाई प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रसंघ चुनाव-2026 के मद्देनजर सभी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सतर्क निगरानी रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आमजन को डिजिटल अरेस्ट, निवेश धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया ठगी एवं साइबर ब्लैकमेलिंग के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

मादक पदार्थों एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय नेटवर्क पर विशेष निगरानी रखने तथा नशा तस्करों की संपत्तियों के चिन्हीकरण और उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला हेल्प डेस्क, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट एवं बाल सुरक्षा इकाइयों द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया।

उन्होंने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, बाहरी श्रमिकों एवं होटलों के सत्यापन अभियान को पुनः गति प्रदान करते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने तथा ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं खतरनाक ड्राइविंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

थाना स्तर पर प्राप्त ई-एफआईआर, जनशिकायतों एवं ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त संदर्भों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पुलिस की जवाबदेही एवं जनविश्वास को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन के साथ संवेदनशील, पारदर्शी एवं उत्तरदायी व्यवहार अपनाते हुए “जनसेवा, जनसुरक्षा एवं जनविश्वास” की भावना के अनुरूप कार्य करने को कहा।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में अब तक प्राप्त कुल 593 शिकायतों में से 530 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 63 शिकायतें विभिन्न स्तरों पर लंबित हैं। एसएसपी ने लंबित शिकायतों का शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अगस्त माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिस कार्मिकों को ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश, आरक्षी चन्द्रपाल, होमगार्ड कुलदीप, अपर उपनिरीक्षक जयपाल सिंह, उपनिरीक्षक रणजीत तोमर, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली, मुख्य आरक्षी उत्तम चौहान, आरक्षी अवनीश कुमार, शितांशु कुमार, राकेश गुसाईं, उपनिरीक्षक पंकज तिवारी, विजय सैलानी, दिनेश चौधरी, महावीर पुंडीर, उपनिरीक्षक अमरजीत सिंह, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र भंडारी, उदय कुमार, विक्रम सिंह, बुद्धिबल्लभ, विजय प्रकाश, राजेंद्र पुंडीर, मनवर सिंह, पीआरडी अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार, मुख्य आरक्षी लोकेश गिरी, आरक्षी संजीव कुमार, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप बिष्ट, दिगम्बर सिंह, सुमित कुमार, चालक सूर्यकांत, फायर चालक नवनीत सिंह, फायरमैन संजय सिंह, फायरमैन नरेंद्र दत्त, मुख्य आरक्षी अनुज प्रसाद तथा होमगार्ड पंकज और हर्षपाल शामिल रहे।

गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंगाई, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तपेश कुमार, सीएफओ राजेंद्र खाती सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles