दून पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे दो नशा तस्कर, 7.086 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

दून पुलिस के चक्रव्यूह में फंसे दो नशा तस्कर, 7.086 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की सख्ती के बाद दून पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दीपनगर क्षेत्र में रेलवे पटरी पुल के पास चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को 7 किलो 86 ग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दीपनगर क्षेत्र में रेलवे पटरी पुल के पास संदिग्धों की चेकिंग की। कार्रवाई के दौरान महेश कुमार और बंटी कुमार को 7 किलो 86 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मु0अ0सं0-330/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद गांजा वे अलीगढ़ से लेकर देहरादून पहुंचे थे। उनकी योजना सपेरा बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में नशे के आदी स्थानीय लोगों को गांजा बेचने की थी। पुलिस अब इस बात की भी जानकारी जुटा रही है कि आरोपियों को गांजे की सप्लाई कहां से मिली और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी महेश कुमार पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में देहरादून और फरीदाबाद से जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य आपराधिक मामलों के अभियोग दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।\

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश कुमार पुत्र मंगूराम, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम आलमपुरा, थाना चंदौस, जनपद अलीगढ़, उत्तर प्रदेश,बंटी सिंह पुत्र कालीचरण, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम आलमपुरा, थाना चंदौस, जनपद अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, चौकी प्रभारी बाईपास, कांस्टेबल विक्रम बंगारी, बृजमोहन कनवासी और चक्षु कुमार शामिल रहे।

दून पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में मादक पदार्थ लाने वाले तस्करों पर भी लगातार शिकंजा कस रही है।

देवभूमि खबर

Related articles