पंचायत चुनाव से पहले एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 233 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

पंचायत चुनाव से पहले एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 233 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर राज्य पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में एसटीएफ उत्तराखंड ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसटीएफ ने विकासनगर और सहसपुर थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए कुल 233 पेटी अंग्रेजी शराब चंडीगढ़ व हरियाणा मार्का बरामद की है, साथ ही तीन अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ द्वारा प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों को चुनाव के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसटीएफ उत्तराखंड को सूचना मिली थी कि पंचायत चुनाव से पूर्व हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से भारी मात्रा में शराब उत्तराखंड में तस्करी कर लाई जा रही है। एसएसपी एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसे इस संबंध में गोपनीय सूचना संकलन और ठोस कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गोपनीय जानकारी के आधार पर आज प्रातः कुल्हाल बैरियर (थाना विकासनगर) पर चेकिंग के दौरान एसटीएफ टीम ने थाना विकासनगर की पुलिस के साथ मिलकर एक हरियाणा नंबर की पिकअप गाड़ी (HR 61E 0364) को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी से 202 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। वाहन में सवार रोहतास पुत्र रामचंद्र निवासी मंडाना, भिवानी (हरियाणा) और आनंद पुत्र लखीराम निवासी बड़गांव, करनाल (हरियाणा) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि यह शराब फतेहपुर, धर्मावाला निवासी विजयपाल को देनी थी, जिसने अपने घर में शराब का अवैध गोदाम बना रखा है।

इस जानकारी पर एसटीएफ टीम ने थाना सहसपुर की पुलिस से संपर्क कर चौकी इंचार्ज धर्मावाला एवं हरबर्टपुर के साथ विजयपाल के घर पर छापा मारा, जहां से 31 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। दोनों स्थलों से कुल 233 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। इस प्रकरण में तीन अभियुक्तों—रोहतास, आनंद और विजयपाल को गिरफ्तार किया गया है। इनके विरुद्ध थाना विकासनगर एवं थाना सहसपुर में दो अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी सीज कर लिया है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ की टीम में निरीक्षक विपिन बहुगुणा, एसआई दीपक मैठाणी, एडीएसआई योगेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मनमोहन कुकरेती, अर्जुन रावत तथा कांस्टेबल रामचंद्र सिंह रावत, दीपक नेगी, अमीर हुसैन और मोहम्मद गय्युर शामिल रहे। वहीं, थाना विकासनगर व सहसपुर की टीम में एसआई सनोज कुमार, एसआई परीक्षित पंवार, एसआई विवेक राठी के साथ कांस्टेबल सचिन, राजेंद्र, अनिल सालार, गौरव, नितिन और मुकेश ने सक्रिय भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles