रुड़की में आंगनबाड़ी सहायिका से 50 हजार की रिश्वत लेते सुपरवाइजर रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में तैनात एक सुपरवाइजर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियुक्त राखी सैनी, सुपरवाइजर, कार्यालय बाल विकास अधिकारी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय हरिद्वार, को शिकायतकर्ता सपना कश्यप (आंगनबाड़ी सहायिका, केन्द्र संख्या-7, भौरी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय) से प्रमोशन के नाम पर 50,000 रुपये की उत्कोच धनराशि लेते हुए पकड़ा गया।
सतर्कता टीम द्वारा पूर्व नियोजित ट्रैप कार्रवाई के तहत आरोपी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मु0अ0सं0-6/2026 के तहत धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

