नाबालिग से दुष्कर्म कर फरार हुआ आरोपी चढ़ा दून पुलिस के हत्थे
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को दबोच कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पटेलनगर निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अनित कुमार पाल नामक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और उसके साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मु.अ.सं. 345/2025 के तहत धारा 65(1)/137(2)/190 बीएनएस व 3/4 पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कीं। मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अनित कुमार पाल को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सभी साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, नाबालिग का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

