फेसबुक फ्रेंडशिप से शुरू हुआ ठगी का खेल – पौड़ी पुलिस ने किया भंडाफोड़
पौड़ी पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिये ठगी करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी नकली फौजी बनकर युवती से दोस्ती करता और शादी का झांसा देकर उससे रुपये हड़प लेता था।
घटना 7 जून 2025 की है, जब कोटद्वार निवासी एक युवती ने कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि फेसबुक के माध्यम से एक युवक से उसकी जान-पहचान हुई, जिसने अपना नाम कमल बताया और स्वयं को भारतीय सेना में कार्यरत होने की बात कही। बातचीत बढ़ने पर उसने शादी का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे युवती से लगभग 1.25 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 149/25, धारा 318 (4) BNS पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार श्री रमेश तनवार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना और सुरागशी के दौरान पता चला कि आरोपी का असली नाम भानु प्रकाश वर्मा है, जो रानीखेत, अल्मोड़ा का रहने वाला है। उसने नकली नाम और पहचान बनाकर युवती को फर्जी ढंग से भारतीय सेना में कार्यरत होने की बात बताई थी। जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में उदयपुर के एक होटल में काम करता था।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भानु प्रकाश वर्मा उर्फ कमल को रानीखेत से गिरफ्तार कर लिया और उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

