मोर्चा की दहाड़ से जागी सरकार, बिजली चोरों पर कार्रवाई को तैयार : नेगी
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि मोर्चा वर्षों से प्रदेश में लाइन लॉस (बिजली चोरी) को लेकर सरकार पर हमलावर रहा है। इसी दबाव का असर है कि अब सरकार ने बिजली चोरी रोकने हेतु व्यापक स्तर पर टीमें गठित कर सख्त अभियान चलाने की बात कही है। यह कदम प्रदेश की जनता को महंगी बिजली से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
नेगी ने कहा कि ऊर्जा मंत्रालय का जिम्मा खुद मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद, निजी स्वार्थों के चलते सरकार ने लाइन लॉस कम करने की दिशा में कोई गंभीर कदम नहीं उठाया, जिससे जनता को महंगी बिजली खरीदनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 तक लाइन लॉस 16.11% और एटीएंडसी हानियां 26.21% तक पहुंच गई थीं, जिससे राज्य को 1500 से 2000 करोड़ रुपये तक की राजस्व हानि हो रही थी। कुछ क्षेत्रों में यह हानियां 30 से 42% तक दर्ज की गईं, वहीं एटीएंडसी लॉसेस 50% तक जा पहुंचे थे। नेगी ने आरोप लगाया कि सरकार व विभाग इस स्थिति को रोकने में नाकाम रहे या फिर दिलचस्पी नहीं दिखाई।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार ईमानदारी से बिजली चोरी रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करती है, तो जन संघर्ष मोर्चा सरकार के इस कार्य की सराहना करेगा।

