परमवीर चक्र विजेताओं की अनुदान राशि अब डेढ़ करोड़,अभी तक दिया जा रहा था 50 लाख का एकमुश्त अनुदान

परमवीर चक्र विजेताओं की अनुदान राशि अब डेढ़ करोड़,अभी तक दिया जा रहा था 50 लाख का एकमुश्त अनुदान
Spread the love

तीन लाख रुपये वार्षिक अनुदान की सुविधा मिलती रहेगी

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सैनिकों को बड़ा तोहफा दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि अब 50 लाख रुपये से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्हें पूर्व की भांति तीन लाख रुपये की वार्षिक अनुदान राशि मिलती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में की, जो उनके पिता स्वर्गीय सूबेदार श्री शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सैनिक कल्याण विभाग के प्रस्ताव को अनुमोदन दे दिया।

परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि में सीधे एक करोड़ रुपये की वृद्धि मुख्यमंत्री के सैनिकों के कल्याण के प्रति गंभीर दृष्टिकोण को दर्शाता है। जून 2022 से पहले यह राशि 30 लाख रुपये थी, जिसे 10 जून 2022 को कैबिनेट द्वारा 50 लाख रुपये किया गया और 14 जुलाई 2022 को इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस राशि को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे देश की सीमाएं हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह सैनिकों की वीरता, समर्पण और बलिदान का सम्मान करे। उत्तराखंड न केवल देवभूमि है, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। एक सैनिक और उसके परिवार का जीवन अनुशासन, त्याग और सेवा की मिसाल होता है। राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर ठोस और प्रभावी निर्णय ले रही है।

देवभूमि खबर

Related articles