रील बनाने के शौक में चढ़ा कानून के हत्थे, खिलौना पिस्टल लहराने वाला गिरफ्तार

रील बनाने के शौक में चढ़ा कानून के हत्थे, खिलौना पिस्टल लहराने वाला गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक युवक को गाड़ी से उतरकर हवा में पिस्टल लहराते हुए देखा गया। यह वीडियो बेस्ट ग्रीन वैली सोसाइटी, मसूरी रोड के पास का बताया जा रहा है। वीडियो के वायरल होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने इसका संज्ञान लिया और थाना राजपुर पुलिस को तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।

चूंकि वीडियो को लेकर किसी ने भी थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी, इसलिए पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध थाना राजपुर में मुकदमा पंजीकृत किया। एफआईआर संख्या 90/25 धारा 30 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की और उसके मालिक का पता लगाकर आगे की पूछताछ की। इसी क्रम में वीडियो में पिस्टल लहराते दिख रहे युवक की पहचान रौनक पुत्र मांगेराम निवासी पनियाला, रुड़की (जनपद हरिद्वार) के रूप में हुई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे राजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वीडियो में दिखाई गई पिस्टल असली नहीं बल्कि एक खिलौना पिस्टल (टॉय गन) है। पूछताछ में रौनक ने बताया कि उसने शराब के नशे में एक रील बनाने के लिए** इस तरह का प्रदर्शन किया था।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

देहरादून पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बढ़ावा न दें। कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles