सीबीआई जांच का आदेश जनता की जीत, लेकिन खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं : कांग्रेस

सीबीआई जांच का आदेश जनता की जीत, लेकिन खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं : कांग्रेस
Spread the love

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आज कांग्रेस नेत्री श्रीमती गोदावरी थापली के नेतृत्व में गाड़ी कैंट चौक से डाकरा बाजार स्थित शहीद स्मारक तक कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च के माध्यम से अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की गई। मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिलाएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री गोदावरी थापली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषित सीबीआई जांच उत्तराखंड की देवतुल्य जनता की जीत है, लेकिन यह केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने भले ही सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी हो, लेकिन सच्चाई तक पहुंचने की कोई ठोस मंशा नजर नहीं आती। यदि सरकार वास्तव में गंभीर होती तो सीबीआई जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाती।

उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस तरह से सबूत मिटाए गए, बुलडोजर चलाया गया और दोषियों को बचाने के प्रयास हुए, उससे सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। जनता इस खानापूर्ति वाली सीबीआई जांच को पूरी तरह नकार चुकी है।
कांग्रेस नेत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। यह लड़ाई किसी राजनीतिक स्वार्थ की नहीं, बल्कि एक बेटी के सम्मान और न्याय की लड़ाई है।
कैंडल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने
“अंकिता को न्याय दो”,
“धामी सरकार जवाब दो”,
“दोषियों को सज़ा दो”
जैसे नारे लगाकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि अंकिता के हत्यारों को बचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और न्याय मिलने तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

कैंडल मार्च में मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, वीरेंद्र पोखरियाल, बब्बन सती, बिल्लू थापली, मोहन काला, दिनेश कौशल, राजेंद्र शाह, सुलेमान, महिपाल शाह, विकास राज, रितेश जोशी, प्रदीप डोभाल, अनिल बस्नेत, ओम प्रकाश सती, जसविंदर सिंह गोगी, प्रशांत खंडूरी, भगवान सिंह थापा, दुर्गा राई, पिया थापा, प्रतिमा थापा, राजू गुरुंग सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles