HTML tutorial
HTML tutorial

थौलधार विकास समिति का द्वितीय वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न, लोक संस्कृति के रंगों से सजी शाम

Spread the love

देहरादून। थौलधार विकास समिति की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को मोथरोवाला रोड स्थित श्रेष्ठ वेडिंग पॉइंट में द्वितीय वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विशेष रूप से मातृशक्ति की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उत्सव में लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की अनुपम झलक देखने को मिली।

समिति का मुख्य उद्देश्य अपनी थाती-माटी, बोली-भाषा और लोक संस्कृति का संरक्षण करना तथा अपने मूल क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक प्रयास करना है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनोद चमोली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समिति के संरक्षक एवं उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री ज्योति सिंह बिष्ट दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल हुए।

विधायक विनोद चमोली ने कहा कि पश्चिमी संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच अपनी मूल संस्कृति, परंपराओं और बोली-भाषा को संरक्षित रखना बेहद जरूरी है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपने मूल क्षेत्र में जनगणना कराने का भी आह्वान किया।

संस्कृति विभाग के सहयोग से सुर सरिता सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लोक गायक मनमोहन बधानी ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद लोक गायक वीरेंद्र रावत और राम सिंह राणा ने मधुर लोकगीतों के माध्यम से कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।

सीमा राना और मीरा चौहान के नेतृत्व में महिलाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही मातृशक्ति और लोक कलाकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मनोहर लाल नौटियाल, सचिव हिम्मत सिंह बिष्ट और कोषाध्यक्ष कुलदीप बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वार्षिक उत्सव ने जहां क्षेत्रीय एकजुटता का संदेश दिया, वहीं अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प भी दोहराया।

 

देवभूमि खबर

Related articles