नकल विरोधी कानून के तहत पंजीकृत अभियोग की विवेचना कर रही एसआईटी पहुंची हरिद्वार, मुख्य अभियुक्त के घर सर्च वारंट से तलाशी
हरिद्वार। UKSSSC द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्न पत्रों के फोटो आउट होने के मामले में थाना रायपुर पर उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं रोकथाम के उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत पंजीकृत अभियोग की निष्पक्ष और पारदर्शी विवेचना हेतु गठित एसआईटी टीम आज हरिद्वार पहुँची।
टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में अभ्यर्थियों और अन्य लोगों से परीक्षा से जुड़ी जानकारी हेतु जनसंवाद किया और इस दौरान अब तक की घटनाक्रम से अवगत कराते हुए उनके सवालों का जवाब दिया। अभ्यर्थियों ने कुछ सुझाव भी दिए, जिनका विश्लेषण कर जांच रिपोर्ट में सम्मिलित किया जाएगा।
इसके बाद एसआईटी ने न्यायालय से प्राप्त सर्च वारंट के तहत मुख्य अभियुक्त खालिद के घर की तलाशी ली और परीक्षा से जुड़े साक्ष्य संकलित किए। इसके उपरांत टीम ने बहादुरपुर जट स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और परीक्षा के समय ड्यूटी पर नियुक्त अधिकारियों व अन्य लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। इस कार्रवाई के माध्यम से एसआईटी ने न केवल घटनाक्रम की जांच की बल्कि आगामी सुधारों और निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक जानकारी भी जुटाई।
