बंद मकानों में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय शातिर नकबजन गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद

काशीपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बंद मकानों में चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में कई वर्षों से चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता रहा है तथा उसके विरुद्ध 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने वैशाली कॉलोनी, कवि नगर काशीपुर और केंद्रीय विद्यालय आईटीआई क्षेत्र में बंद मकानों में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सटीक सुरागरसी और पतारसी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
14 जुलाई 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि बंद मकानों में चोरी करने वाला एक शातिर बदमाश चोरी के आभूषण बेचने और फिर नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में बांसखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे रेलवे पटरी के पास घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनी पुत्र मेहरचंद उर्फ गूंगा, निवासी माधवपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने आईटीआई और काशीपुर क्षेत्र के वैशाली कॉलोनी, कवि नगर तथा केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र में बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी करता है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी ईयर रिंग, दो सोने की अंगूठियां, मोती की माला, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक पर्स तथा चोरी में प्रयुक्त बैग बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, रायवाला, सहसपुर, डोईवाला, काशीपुर और आईटीआई थाना क्षेत्रों में चोरी, लूट और नकबजनी के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

