मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को 24 घंटे में चमोली पुलिस ने किया गिरफ्तार

चमोली। महिलाओं एवं कमजोर वर्ग के विरुद्ध अपराधों को लेकर चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को घटना की सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर बताया कि उसकी मूक-बधिर ननद के साथ संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम सांकरी, थाना पोखरी, उम्र 34 वर्ष ने जबरन दुष्कर्म किया।
तहरीर के आधार पर थाना पोखरी में मुकदमा अपराध संख्या 09/2026, धारा 64(2)(ट)(झ) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। वहीं, थानाध्यक्ष पोखरी देवेन्द्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया।
पोखरी पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी संजय उर्फ सन्तू को घटना की सूचना प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह, कांस्टेबल ललित कुमार तथा कांस्टेबल भारत सिंह टोलिया शामिल रहे।
