गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा” — जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के सख्त निर्देश, मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य और सड़क की स्थिति पर जताई नाराजगी
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई* ने आज चंडाक–मोस्टमानू* स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच हेतु सैंपल को लैब भेजने के आदेश दिए और कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश दिए कि सामग्री के लैब-टेस्टेड प्रमाणपत्र कार्यालय में प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल उच्च गुणवत्ता का प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही सामग्री का उपयोग किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडाक–मोस्टमानू सड़क की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सड़क के शीघ्र सुधारीकरण के निर्देश दिए। मौके पर ही जिलाधिकारी ने लोनिवि के प्रमुख अभियंता (HOD) और *अधीक्षण अभियंता से बात कर सड़क को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि जनता को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी भटगांई ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी, लो.नि.वि. के अधिशासी अभियंता, तथा मेडिकल कॉलेज निर्माण कर रही संस्था के अभियंता उपस्थित रहे।

